रुद्रप्रयाग/ बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जहां एक टेम्पो ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में समा गया। हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है और लगभग 7 लोग घायल हैं। हादसा बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग रुद्रप्रयाग जिले के रेंतोली के समीप हुआ है।
सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। एसपी डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने हादसे की पुष्टि की है। मौके पर रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे की सूचना पर पुलिस प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन, डीडीआरएफ सहित अन्य टीम मौके पर रेस्क्यू कार्य कर रही हैं। पर्वतीय अंचलों में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
आए दिन सड़क हादसों में लोग जान गंवा रहे हैं। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने चरम पर चल रही है। चारधाम यात्रा में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं जिससे सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बहुत ज्यादा है। चारधाम यात्रा के लिए पर्वतीय मार्गों से होकर गुजरना पड़ता है जहां एक चूक जान पर भारी पड़ जाती है।