देहरादून/ उत्तराखंड में मॉनसून के आने में अभी 3 दिन का वक्त है। मॉनसून से पहले राज्य के कुछ जिलों में बादल जमकर बरसेंगे। प्री मॉनसून की बारिश गर्मी से काफी हद तक राहत देगी। उत्तराखंड में भीषण गर्मी पर बारिश की बौछारें पड़ने से कुछ हद तक राहत मिली है। हालांकि आमतौर पर 20 जून तक उत्तराखंड में आने वाला मॉनसून इस बार चार-पांच दिनों की देरी से पहुंच रहा है।
मॉनसून 27-28 जून तक आने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, टिहरी और पौड़ी जिले में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के भी आसार हैं।
प्री मॉनसून की बारिश ने भले ही भीषण गर्मी से राहत दे दी हो लेकिन उमस ने बेहाल किया हुआ है। फिलहाल हल्की बारिश से उमस भरी गर्मी हो रही है। लगातार कुछ घंटे की बारिश होने के बाद ही इस उमस से राहत मिल सकती है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आज और कल राज्य के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तीव्र बौछारें और उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून और नैनीताल में हल्की से मध्यम बारिश के कुछ दौर हो सकते हैं।