ऊधमसिंह नगर/ जसपुर में एक बहन ने अपने भाई पर कपड़े फाड़ कर घर के बाहर खड़ा कर देने और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने और जलाकर मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपित उत्तराखंड पुलिस में सिपाही था और अपनी हरकतों के कारण बर्खास्त किया जा चुका है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नादेही चीनी मिल निवासी ममता नाम की युवती ने पुलिस को दी गयी शिकायत में कहा कि उसका भाई गणेश प्रसाद नशे के साथ सामान्य अवस्था में उसे, उसकी मां, भाई व बहन को बेवजह मारता-पीटता रहता है। कुछ दिन पहले गणेश ने उसे और उसके भाई-बहन को धारदार हथियार से घायल कर दिया था। साथ ही मां को जलाकर मारने की कोशिश भी की थी।
जबकि इधर छह जुलाई की देर रात भाई ने शराब पीकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ कर उसे घर के बाहर खड़ा कर दिया। साथ ही सिर पर डंडे से प्रहार किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। यह भी कहा कि भाई गणेश धमकी देता है कि अगर छोटा भाई आएगा तो उसे भी जान से मार देगा या खुद मर जाएगा। बताया कि उसके भाई गणेश को उत्तराखंड पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। गणेश से उसे और उसके परिवार को जान हानि का खतरा है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।