टिहरी गढ़वाल/ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को देवप्रयाग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें एक स्कॉर्पियो और अर्टिगा कार की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
यह दुर्घटना सैनिक होटल और गंगा दर्शन होटल के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे और यह वाहन पंजाब से श्रीनगर की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सभी गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।