देहरादून/ मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि राज्य में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन गई है अगले दो-तीन दिनों में राज्य में मानसून आधिकारिक तौर पर आ सकता है।
राजधानी देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को अच्छी प्री-मानसून की बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने 27 से 29 जून और फिर 2 और 3 जुलाई तक उत्तराखंड के कई जिलों में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने यह भी कहा है कि अगले तीन दिनों में राज्य में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने के साथ ही आंधी, बहुत तीव्र से अत्यधिक तीव्र बारिश और तेज़ हवाएं (30 से 40 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है।
भारी बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर मध्यम भूस्खलन के साथ ही चट्टानें भी गिर सकती हैं जिसके परिणामस्वरूप राज्य में राजमार्ग और लिंक सड़कें अवरुद्ध होने के साथ ही बह भी सकती हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य सरकार के अधिकारियों को आने वाले तीन से पांच दिनों में विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्गों पर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है।