ऋषिकेश/ यहां मॉडर्न स्कूल के पास जाटव बस्ती निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आरोप है कि दहेज लोभियों ने विवाहिता की हत्या कर दी और फिर उसका शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका के पिता उमेश कुमार, निवासी दुर्गा मंदिर चंद्रेश्वर नगर ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने 20 जुलाई 2023 को अपनी बेटी सोनी का विवाह सुमित निवासी जाटव बस्ती ऋषिकेश के साथ किया था। शादी के बाद से ही सोनी के पति सुमित, सास जसवंती, ससुर विनोद, जेठ अमित, जेठानी रूबी, नंद कामिनी और सिया लगातार दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे।
परिजनों का आरोप है कि उनकी सामर्थ्य के मुताबिक कई बार मांगें पूरी करने के बावजूद ससुराल पक्ष का दहेज का लोभ कम नहीं हुआ। उमेश कुमार ने बताया कि 30 सितंबर 2023 को भी दहेज प्रताड़ना को लेकर पुलिस में मेडिकल रिपोर्ट सहित शिकायत दी गई थी परन्तु प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।