उत्तरकाशी/ डबरानी के समीप बीआरओ द्वारा सड़क खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है लेकिन इसी बीच एक बड़ा हादसा हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक बीआरओ की पोकलैंड मशीन चल रही थी और इसी बीच लोगों को रास्ता पार करने की अनुमति दी गई। इसी बीच अचानक ऊपर से बड़ा बोल्डर गिर गया जिसकी चपेट में सुखी गांव निवासी मनीष उम्र 26 वर्ष पुत्र जगेंद्र सिंह और अरुण उम्र 35 वर्ष मूल निवासी हिमाचल हाल निवासी सुक्की गांव आ गए।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि बीआरओ और प्रशासन को पहले सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए थे लेकिन जल्दबाज़ी और अव्यवस्था के चलते निर्दोष युवाओं की जान चली गई। फिलहाल पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात है।
वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने बीआरओ की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि रोड पार करते वक्त अचानक ऊपर से बोल्डर गिर गया जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।