पौड़ी/ पौड़ी गढ़वाल जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और दुखद घटना सामने आई है। पौड़ी जिले के चरेख गांव में जंगल में घास लेने गई 52 वर्षीय महिला पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ गई महिलाओं ने शोर मचाकर भालू को भगाया लेकिन महिला की जान नहीं बच सकी। मृतका की पहचान अंजना देवी पत्नी बनवीर सिंह के रूप में हुई है। वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें जंगल से सड़क तक लेकर आए।
इसके बाद एंबुलेंस से कोटद्वार बेस अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर जंगल से घास और चारा लेने जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घास लेने जंगल गई महिला पर अचानक भालू ने किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के अंतर्गत चरेख गांव निवासी 52 वर्षीय महिला विगत दिवस गांव के समीप जंगल में घास लेने गई थी। इसी बीच अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि महिला बुरी तरह घायल हो गई।
परिजन और ग्रामीण घायल महिला को जंगल से सड़क तक लेकर आए और एंबुलेंस की मदद से कोटद्वार बेस अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों में जंगल से घास और चारा लेने जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का सवाल है कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम कब उठाए जाएंगे।