अल्मोड़ा/ शहर में तेंदुए की बढ़ती जा रही है दहशत। अब स्थिति एसी हैं गई हैं कि तेंदुए बेखौफ दिनदहाड़े घरों तक आने लगे हैं। मंगलवार की सुबह ढूंगाधारा मोहल्ले में एक मकान की छत में दो तेंदुए चढ़ गए जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मकान स्वामी और आसपास के लोगों के शोर मचाने के बाद तेंदुए वहां से भागे तो लोगों ने राहत भरी सांस ली।
मंगलवार को ढूंगाधारा निवासी मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त रमेश चंद्र तिवारी सुबह लगभग सात बजे छत पर टहलने निकले। छत पर पहुंचते ही उन्हें वहां दो तेंदुए दिखाई दिए। उन्होंने परिजनों को छत पर तेंदुए होने की सूचना दी। यह सूचना आसपास के लोगों तक भी पहुंची तो लोग मौके की तरफ दौड़े। लोगों के शोर मचाने के बाद भी दोनों तेंदुए छत पर चहलकदमी करते रहे।
काफी देर बाद तेंदुए वहां से भागे तो लोगों ने राहत भरी सांस ली। भवन स्वामी ने बताया कि इससे पूर्व भी तेंदुआ उनके घर की गली में घुस गया था। वहीं दिनदहाड़े तेंदुए के आबादी में पहुंचने से पूरे शहरी क्षेत्र के लोगों में खौफ है।
वही एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज के समीप सोमवार देर शाम काम से घर लौट रहे मजदूरों को बीच रास्ते पर तेंदुआ दिखा। किसी प्रकार उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं शहर के धारानौला, मकेड़ी, ढूंगाधारा, जोशीखोला समेत कई मोहल्लों में लगातार तेंदुए नजर आ रहा है जिससे लोगो में खौफ हैं।रेंजर मोहन राम आर्या ने बताया कि प्रभावितो से बात करके जानकारी जुटाई जाएगी। टीम गश्त करके तेंदुए की सक्रियता का पता लगाएगी। लोगों को भी सतर्कत रहना होगा।