देहरादून/ उत्तराखंड में अवैध खनन के खिलाफ पुष्कर सिंह धामी सरकार के कड़े रुख ने अब अपनों का भी साथ पा लिया है। हरिद्वार जिले में खनन माफिया और पुलिस के बीच साठगांठ उजागर होने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरी पुलिस चौकी के स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। इस फैसले पर पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सरकार की जमकर सराहना की है।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस कार्रवाई को एक ‘मजबूत संदेश’ करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं और प्रशासन के स्तर पर मिलीभगत हो तो ऐसी कठोर कार्रवाई शासन की नीयत साफ करती है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में जिस अधिकारी ने इस निलंबन के आदेश को प्रभावी बनाया वह बधाई का पात्र है क्योंकि इससे सिस्टम में डर पैदा होगा।