चम्पावत/ यहा एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है जहां एक बोलेरो 200 मीटर गहरी खाई में जा समाई हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हुए हैं मामला चंपावत जनपद से सामने आया है। जिले के बागधार के समीप तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया जिसमें बारात से लौट रही बोलेरो (UK04TB-2074) अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा उस वक्त हुआ जब वाहन बुसेल से थाना गंगोलीहाट क्षेत्र के बलाताड़ी की ओर वापस आ रहा था।
वाहन में कुल दस लोग सवार थे जिनमें से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही चंपावत सीओ सीटी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तेजी से दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हुई। घटना स्थल दुर्गम और खड़ी ढलान वाले क्षेत्र में था जिसके कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया। एसडीआरएफ टीम ने रोप सिस्टम और स्ट्रेचर की सहायता से खाई में उतरकर मृतकों के शवों को बाहर निकाला और उन्हें जिला पुलिस के सुपुर्द किया। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुचाया गया।
यह भी पढ़ें 👉 उत्तराखंड वन विभाग के 19 डिप्टी रेंजर बने वन क्षेत्राधिकारी।
मृतकों में दिबडिब्बा विलासपुर निवासी 40 वर्षीय प्रकाश चंद्र उनियाल, 35 वर्षीय केवल चंद्र उनियाल, पंतनगर निवासी 32 वर्षीय सुरेश नौटियाल, अल्मोड़ा के भिक्यासेन क्षेत्र के साल्दे निवासी छह वर्षीय प्रियांशु चौबे तथा उसकी 28 वर्षीय माता भावना चौबे शामिल हैं। ये सभी बारात से लौटते समय वाहन में सवार थे।
घायल व्यक्तियों में सारघाट, अल्मोड़ा निवासी 38 वर्षीय देवीदत्त पांडे, 12 वर्षीय धीरज उनियाल, पिथौरागढ़ निवासी 14 वर्षीय राजेश जोशी, दिल्ली निवासी पांच वर्षीय चेतन चौबे और एक अन्य व्यक्ति भास्कर पांडा शामिल हैं, जिनके निवास संबंधी विवरण प्राप्त नहीं हो पाया हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है।