हल्द्वानी/ मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद शहर में सुबह से लगातार बारिश हो रही है जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है और लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हीरानगर स्थित संजय कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गोविंद सिंह बिष्ट के घर पर आकाशीय बिजली गिर गई।
बिजली गिरने से मकान की छत का लेंटर टूटकर नीचे गिर गया जिससे गली में खड़ी एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि अब तक किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है परन्तु लगातार हो रही बारिश से बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और बारिश से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वहीं लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।