न्यूज 13 प्रतिनिधि चम्पावत
चंम्पावत/ चंम्पावत जिले के ग्राम सभा चुयरानी के धरगड़ा तोक में लंबे वक्त से दहशत का कारण बना आदमखोर गुलदार को वन विभाग की टीम ने बीती रात लगभग 2 बजे सफलतापूर्वक पकड़ लिया है। गुलदार के पकड़े जाने के बाद क्षेत्रीय ग्रामीणों में अब राहत का माहौल है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एसडीओ सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि वन विभाग की टीम द्वारा लगातार निगरानी गश्त एवं सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। सतत प्रयासों के फलस्वरूप आदमखोर गुलदार को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि 09 दिसंबर को ग्राम सभा चुयरानी के धरगड़ा तोक में गुलदार के अचानक हमले में 45 वर्षीय देव सिंह अधिकारी की मौत हो गई थी।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बन गया था। ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं बीती रात लगभग इसी समय वन विभाग की टीम के साथ मंगोली क्षेत्र में गश्त पर पहुंचे थे। एसडीओ सुनील कुमार की सक्रियता से वन विभाग की टीम ने और अधिक तत्परता के साथ अभियान को अंजाम दिया। एसडीओ ने बताया कि गुलदार के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र अब सुरक्षित है। एहतियातन वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।