अल्मोड़ा/ उत्तराखंड के पर्वतीय ग्रामीण इलाकों में भी अब महिलाएं सुरक्षित नहीं रही। अल्मोड़ा जिले के विकास खंड ताड़ीखेत में एक 14 वर्षीय अनुसूचित वर्ग की गरीब नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आयी है। राजस्व पुलिस ने आरोपि युवक के विरुद्ध पॉक्सो व एससीएसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज करने के साथ आरोपित को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत विकास खंड के एक गांव की गरीब अनुसूचित जाति के व्यक्ति ने बीती 29 जून को स्थानीय पटवारी चौकी में लिखित शिकायत दे कर बताया कि 28 जून को उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी खेत में काम कर रही थी। इस बीच पौड़ा कोठार गांव का निवासी युवक गोपाल सिंह डोगरा पुत्र प्रताप सिंह वहां आया और उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी नाबालिग ने घर आकर अपने परिजनों को दी।
शिकायत मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत राजस्व पुलिस ने नामजद आरोपित के विरुद्ध विभिन्न संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया और नामजद आरोपित की खोज की। मामले की जांच कर रहे नायब तहसीलदार हेमंत माहरा ने बताया कि आरोपित को कोटगांव से गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करने वाली टीम में राजस्व उपनिरीक्षक विनोद टोलिया, प्रदीप बिजल्वाण व पीआरडी जवान राजेंद्र शामिल रहे।