यहां रिसोर्ट में स्वीमिंग पूल में डूबने से पर्यटक की मौत।

न्यूज़ 13 प्रतिनिधि हल्द्वानी:-

रामनगर/ ढिकुली क्षेत्र में स्थित रिसोर्ट में पर्यटक की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। नोएडा निवासी 35 साल के राकेश शर्मा अपने चार दोस्तों के साथ कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने के लिए आए थे। उनके द्वारा रिसोर्ट में दो कमरे बुक कराए गये थे। कॉर्बेट पार्क का भ्रमण करने के बाद सभी दोस्त रिसोर्ट आए और स्विमिंग पूल में नहाने गए। नहाने के दौरान राकेश शर्मा के स्वीमिंग पूल में डूबने से उनका स्वास्थ्य खराब हो गया, आनन-फानन में उन्हें सरकारी चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक राकेश शर्मा के परिजनों को सूचना दे दी है, सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है।

सोचने वाली बात यह है कि ढिकुली क्षेत्र में बने कई रिसोर्टों में शासन द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसी के मद्देनजर उक्त रिसोर्ट में भी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं दिखाई दिए तथा जहां मृतक राकेश शर्मा एवं उनके दोस्त स्वीमिंग पूल में नहा रहे थे वहां कोई भी लाइफ गार्ड मौके पर मौजूद नहीं था, यदि लाइफ गार्ड मौके पर मौजूद होता तो हो सकता है उक्त घटना ना होती। उक्त रिसोर्ट के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *