पौड़ी/ जंगल में घास लेने गई महिला पर घात लगाकर बैठे बाघ ने किया हमला कर दिया जब निवाला बनाने में चूका तो दोबारा झपटा महिला पर अन्य तीन महिलाओं के साथ जंगल की ओर निकली ही थी कि इसी बीच बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ ने उन पर दो बार हमला किया जिसमें पुष्पा देवी बुरी तरह से घायल हो गई।
उत्तराखंड में कोटद्वार के लैंसडोन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज में मंगलवार को बाघ ने एक महिला पर हमला कर दिया। इस बीच महिला बुरी तरह से घायल हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना सुबह लगभग साढ़े दस बजे की है। ग्राम पंचायत सकाली के सरूड़ा गांव निवासी पुष्पा देवी उम्र 42 वर्ष पत्नी सुरेंद्र सिंह नेगी गांव की तीन अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने जा रही थी। इसी बीच रेंज कार्यालय और अल्दावा गांव के बीच तलगांव के पास झाड़ी में छिपे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान सबसे आगे चल रही कविता देवी नीचे झुक गई।
जबकि उसके पीछे चल रही पुष्पा देवी पर बाघ झपट पड़ा। हमले के बाद पुष्पा देवी नीचे जमीन पर गिर गई। हमले में असफल रहने के बाद बाघ ने महिलाओं पर दोबारा हमले का प्रयास किया परन्तु महिलाओं ने शोर मचा दिया जिससे बाघ वहां से भाग निकला। बाघ के हमले के बाद महिलाएं घायल पुष्पा देवी को लेकर घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन पुष्पा देवी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेस अस्पताल कोटद्वार रेफर कर दिया है।
डॉ. मोना ने बताया कि हमले में पुष्पा देवी का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। साथ ही कमर के बांए हिस्से व टांग में बाघ के पंजों से गहरे जख्म हो गए है। रेंजर प्रमोद डोबरियाल ने कहा महिला पर हमले की सूचना मिली थी। उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है। साथ ही घटनास्थल का मौका मुआयना करने के लिए टीम भेजी जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जंगल में अकेले आवाजाही न करने की अपील की है।