चम्पावत/ टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर फर्त्याल गार्डन के समीप एक डंपर और कार में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को चम्पावत जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर चम्पावत से लगभग एक किमी दूर डीएफओ कार्यालय के समीप मोड़ पर पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही एक कार और विपरीत दिशा से आ रहे डंपर में टक्कर हो गई।
डंपर से टकराने के बाद कार सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में कार सवार लोग घायल हो गए। कार सवार खुशाल सिंह कन्याल उम्र 60 वर्ष निवासी खटीमा के सिर पर और दीपा कन्याल उम्र 75 वर्ष पत्नी पुष्कर सिंह कन्याल, हल्द्वानी निवासी के हाथों में काफी चोट आई है। चालक गजेंद्र कन्याल उम्र 45 वर्ष
उनकी पत्नी पूजा कन्याल उम्र 32 वर्ष निवासी हल्द्वानी और लीला कन्याल उम्र 57 वर्ष चोटिल हुए हैं। हादसे की वजह का पता नहीं चला पाया है। लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से में मोड़ में सुधार नहीं होना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। खतरे वाले इस जगह के आसपास पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। और मोड़ को ठीक करने के लिए क्षेत्र के लोग कई बार मांग कर चुके हैं। सड़क के किनारे डिवाइडर भी नहीं लगा था।