चमोली/ बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर जोशीमठ तहसील अंतर्गत चाई गांव की ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
हेलीकॉप्टर ने दोपहर लगभग 1:12 बजे बदरीनाथ से उड़ान भरी थी। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, भारतीय सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। हेलीकॉप्टर की तलाश एवं संभावित बचाव कार्यों के लिए टीमें रवाना की गईं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड के अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेना की टीम द्वारा अवगत कराया गया कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही दुखद मृत्यु हो गई है। घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई एवं आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित टीमें जुटी हुई हैं।