पौड़ी/ श्रीनगर-पौड़ी मोटर मार्ग पर खंडाह के समीप गुलदार के हमले में 51 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला शुक्रवार शाम घास काटने के लिए जंगल की ओर गई थी। इसी बीच गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। कुछ वक्त बाद महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना खंडाह से लगभग तीन किलोमीटर आगे स्थित अमदार तरौली गांव में शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे हुई। बताया जा रहा है कि महिला घास काटने गई थी तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। गुलदार ने महिला के गले पर हमला किया जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। आबादी के नजदीक गुलदार के हमले में महिला की मौत से ग्रामीणों में भय का माहौल है। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की सक्रियता के चलते लोगों को घास काटने मवेशियों के लिए चारा जुटाने और अन्य जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। उन्होंने क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो पाए। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं के बीच अमदार तरौली गांव की इस घटना ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है।
2 thoughts on “पौड़ी में गुलदार की दहशत घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया अपना निवाला क्षत-विक्षत हालत में महिला का शव हुआ बरामद।”