पौड़ी गढ़वाल/ पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर बैंग्वाड़ी गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक पिकअप और स्कूटी की जबरदस्त भिड़ंत में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल युवक को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक की पहचान अनुपम नेगी उम्र 25 वर्ष पुत्र स्व. अर्जुन सिंह नेगी हाल निवासी सर्किट हाउस पौड़ी मूल निवासी ग्राम बैंज्वाड़ी के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। जिला अस्पताल पौड़ी के पीएमएस डा0 एलडी सेमवाल ने घटना कि पुष्टि की है। हादसे की जानकारी मिलते ही बैंज्वाड़ी गांव में शोक की लहर छा गई। हर कोई इस युवा की असमय मौत से स्तब्ध है। उधर अस्पताल प्रशासन ने मौत की पुष्टि करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।