हरिद्वार/ श्यामपुर थाना क्षेत्र की चंडीघाट चौकी अंतर्गत चंडीघाट बस्ती में घरेलू विवाद के दौरान बेटे द्वारा पिता पर डंडे से हमला करने का मामला सामने आया है। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद 60 वर्षीय प्यारे को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले पहुंचाया गया जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे प्रकाश उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है।
खाना बनाने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक चंडीघाट बस्ती निवासी प्यारे शुक्रवार देर शाम अपने छोटे बेटे के साथ घर में खाना बना रहे थे।
इसी बीच किसी घरेलू काम को लेकर उनकी अपने बड़े बेटे प्रकाश से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा कि शुरुआत में विवाद मामूली था परन्तु कुछ ही देर में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी बीच प्रकाश ने डंडे से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने से हालत बिगड़ी
डंडे के वार से प्यारे के सिर में गंभीर चोट आई और वह घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।
हालांकि सिर में लगी गंभीर चोट के चलते उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी और शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर चंडीघाट चौकी और श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू की। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा के मुताबिक मामले में आरोपी बेटे प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
विवाद की वास्तविक वजह की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी में घरेलू विवाद के दौरान हमला किए जाने की बात सामने आई है।
हालांकि विवाद की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
घटना के बाद बस्ती में चर्चा
पिता की मौत की घटना के बाद चंडीघाट बस्ती में लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
One thought on “हरिद्वार में बेटे ने पिता को बेलन से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट।”