गोपेश्वर/ चमोली जिले के पोखरी विकास खंड में भालू के अचानक सामने आने से दो महिलाओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। भालू के पीछा करने पर घबरा कर दोनों महिलाएं चट्टान से फिसलकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा समाई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं जबकि इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई।
घटना शुक्रवार को पोखरी विकासखंड की ग्राम पंचायत नॅल के सिदेली तोक में हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गांव के पास दो महिलाएं घास काट रही थीं। इसी बीच अचानक उनके सामने भालू आ गया। भालू के पीछे आने से दोनों महिलाएं घबरा गईं और संतुलन बिगड़ने से खाई में जा समाई। हादसे में लक्ष्मी देवी उम्र 42 वर्ष पन्नी गजेंद्र सिंह और विमला देवी उम्र 50 वर्ष पत्नी चंद्रशेखर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया गया अस्पताल में दोनों का उपचार शुरू किया गया परन्तु उपचार के दौरान विमला देवी की मौत हो गई। वहीं लक्ष्मी देवी का उपचार जारी है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में भालू को लेकर दहशत फैल गई है।