ज्योलीकोट/ नम्बर वन बैंड ज्योलीकोट के समीप गहरी खाई में पर्यटकों से भरी टवेरा टैक्सी कार गिर गई है। वक्त रहते स्थानीय लोगों के साथ एस.डी.आर.एफ. और स्थानीय पुलिस ने सभी का रैस्क्यू किया।
नैनीताल से हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग में ज्योलीकोट स्थित एक नंबर बैंड के नजदीक गुरुवार को एक टवेरा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा समाई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक टवेरा कार संख्या यूके-04-टीए-3876 सात पर्यटकों को लेकर नैनीताल से हल्द्वानी के लिए जा रही थी।
कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा समाई। एसडीआरएफ के एसआई मंनोज रावत ने बताया कि उनकी रैस्क्यू टीम सूचना पर मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के साथ ज्योलीकोट पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से 6 लोगों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला। जबकि एक सवारी को विषम परिस्थिति में वक्त रहते निकाला गया।
एसएसआई विमल मिश्रा ने बताया कि सवेरे लगभग दस बजे हुई इस घटना में टैक्सी टवेरा कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। खबर लिखे जाने तक घायल पर्यटकों की पहचान की जा रही थी। सभी पर्यटक लखनऊ के बताए जा रहे है।