अल्मोड़ा/ अल्मोड़ा जिले के सोनी बिनसर क्षेत्र में बीती रात एक कार खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किए। एक मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी की ओर से आ रही यह कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरी है। जनपद अल्मोड़ा के डीसीआर से प्राप्त सूचना के मुताबिक कोतवाली रानीखेत क्षेत्र के अंतर्गत सोनी बिनसर के समीप एक डस्टर वाहन लगभग 200 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया था। सूचना प्राप्त होने पर एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण से उप निरीक्षक पुष्कर जीना के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि उक्त वाहन बीती रात दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया था। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे जिनकी दुर्घटना में घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। एसडीआरएफ टीम द्वारा विषम परिस्थितियों एवं कठिन भू-भाग में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए दोनों मृतकों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। मृतकों में एक की पहचान जीवन चंद्र जोशी पुत्र पूरन सिंह जोशी निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।