रुद्रप्रयाग/ कर्णप्रयाग में हुई हालिया घटना के बाद शनिवार को रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू गुरुद्वारे में स्थिति बेहद तनावपूर्ण माहौल में तब्दील हो गई है। हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए हैं और उन्होंने परिसर पर जबरन कब्जा जमा लिया है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है।
स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुद्वारे में पहुंचे निहंग सिखों ने वहां मौजूद सेवादार और एक स्थानीय बाबा के साथ बदसलूकी के साथ ही मारपीट की। मारपीट की इस घटना के बाद हंगामा बढ़ गया और कुछ निहंग सीधे गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए जिससे मौके पर स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई।
नगरासू गुरुद्वारे में तनाव और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच चुका है। पुलिस अधिकारी स्थिति को शांत कराने के साथ ही छत पर चढ़े लोगों को नीचे उतारने और मामले को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा गई है।