ऋषिकेश/ बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चारधाम यात्रा से लौट रहे यात्रियों की एक बस रविवार शाम मुनिकीरेती थाना अंतर्गत शिवपुरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गई। हादसा शिवपुरी के नजदीक कलथरी डंपिंग प्वाइंट नजदीक हुआ। बस में ड्राइवर-कंडक्टर सहित 25 यात्री और ड्राइवर और कंडक्टर सवार थे।
हादसे में सात यात्री घायल हो गए। अन्य सुरक्षित हैं। पुलिस के मुताबिक बस (UK14PA0605) बदरीनाथ से हरिद्वार जा रही थी। चलते-चलते ड्राइवर की साइड की खिड़की अचानक खुल गई। उसे बंद करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए। 108 एंबुलेंस से उन्हें राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया।
बस में सवार बाकी यात्रियों को मामूली खरोंचें आईं सभी सुरक्षित हैं। थाना मुनि की रेती पुलिस मौके पर पहुंच गई है। यातायात सुचारू कराया जा रहा है। यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए भेजा गया। पुलिस ने बस को सड़क से हटवा दिया है