उत्तरकाशी/ उत्तराखंड में कुमाऊं से गढ़वाल तक सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। अब उत्तरकाशी में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां सुबह की सैर पर निकले एक सहायक उद्योग अधिकारी की तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है जबकि पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह हादसा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ के नागणी क्षेत्र के पास शनिवार सुबह-सुबह लगभग 05:50 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मामराज उम्र 31 वर्ष सुबह ऑल वेदर रोड पर रोज की तरह सुबह की सैर कर रहे थे।
इसी बीच पीछे से आ रही मुर्गों से भरी तेज रफ्तार पिकअप UK07CA 3919 ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सहायक उद्योग अधिकारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद दर्दनाक था और उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था जैसे वाहन ने उन्हें बुरी तरह रौंद दिया हो। मृतक मामराज उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के टिपरी बिष्ट गांव के निवासी थे। वह वर्तमान में टिहरी गढ़वाल के कंडीसौड़ में सहायक उद्योग अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उनके असमय निधन की खबर से परिवार व सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है।
हादसे में पिकअप चालक रोहित जो बड़कोट के नौगांव क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है उसे भी चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को संभवत नींद की झपकी आ गई थी जिसके चलते वाहन अनियंत्रित हो गया। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि वाहन का ब्रेक फेल होना भी दुर्घटना की वजह हो सकता है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चिन्यालीसौड़ अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।