उत्तरकाशी/ चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत के साथ ही दुखद खबर भी सामने आने लगी है। यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर पहले ही दिन दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। दोनों श्रद्धालु अलग-अलग राज्यों से दर्शन के लिए यहां पहुंचे थे।
नासिक के बुजुर्ग श्रद्धालु की अचानक मौत
महाराष्ट्र के नासिक निवासी 65 वर्षीय उदय गजानन तांबे की जानकीचट्टी के समीप तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक नेपाली मजदूर उन्हें अचेत अवस्था में जानकीचट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण सांस संबंधी समस्या और हृदय गति रुकना माना जा रहा है।
इंदौर की महिला श्रद्धालु ने भी तोड़ा दम
इसी बीच इंदौर से आई 40 वर्षीय प्रतिभा मिश्रा की भी जानकीचट्टी के पास अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
चारधाम यात्रा आस्था का सबसे बड़ा पर्व है लेकिन पहाड़ी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यह यात्रा शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण भी है। ऐसे में लापरवाही भारी पड़ सकती है।