उत्तराखंड में यहां होटल मालिक के बेटे का अपहरण कर मांगे 25 लाख आधी रात को आए फोन ने उड़ाए परिजनों के होश।

न्यूज़ 13 प्रतिनिधि हरिद्वार

रुड़की/ पिरान कलियर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है यहां एक 20 वर्षीय युवक का अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से सीधे पीड़ित युवक के मोबाइल फोन से संपर्क करके 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

यह भी पढ़ें 👉 उत्तराखंड में यहां पुलिसकर्मी की सर्विस रिवाल्वर से चली गोली पत्नी व भाभी घायल आरोपी पुलिस कर्मी को किया गया सस्पेंड।

बेड़पुर गांव निवासी और स्थानीय होटल संचालक नसीर ने अपने बेटे अनवर की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस को दी है। नसीर के अनुसार अनवर शनिवार को घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने होटल जा रहा है। दोपहर के वक्त उसे अंतिम बार सोहलपुर रोड स्थित एक दुकान पर देखा गया था। इसके बाद से उसका मोबाइल कभी ऑन तो कभी ऑफ होता रहा है।

आधी रात को आया फोन

परिजनों को अनवर की गैरमौजूदगी खटकने लगी तो उन्होंने खुद से उसकी तलाश शुरू की लेकिन जब रात करीब 12 बजे अनवर के मोबाइल से नसीर के दामाद जुबैर को फोन आया तो परिवार के पैरों तले ज़मीन खिसक गई।

यह भी पढ़ें 👉 चमोली, गौचर में 07.11 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक गिरफ्तार।

फोन पर मौजूद अज्ञात शख्स ने कहा कि अनवर उसके कब्जे में है और अगर उसे जिंदा वापस पाना है तो रविवार दोपहर 2 बजे तक 25 लाख रुपये तैयार रखो। लोकेशन बाद में बताई जाएगी।

 पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मुकदमा

घटना की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि नसीर की तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक की बरामदगी के लिए सीआईयू सहित चार टीमों को लगाया गया है।

यह भी पढ़ें 👉 अल्मोड़ा, सेना भर्ती रैली की तैयारियां तेज, 11 सितंबर से रानीखेत में होगा आयोजन।

पुलिस कॉल डिटेल खंगालने के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। अनवर के परिजन बेसब्री से उसके सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *