नैनीताल/ लगातार हो रही भारी मूसलाधार बारिश से तेजी से पहाड़ दरक रहे हैं और बड़े-बड़े बोल्डर अचानक तेजी के साथ सड़क पर गिरने के चलते कई दुर्घटनाएं घट रही रही हैं एक दर्दनाक हादसा नैनीताल के नजदीक ओखलकांडा विकास खंड के ग्राम तल्ली पोखरी चकसैदला में घटित हुई है।
पोखरी की ग्राम सरपंच चंपा देवी पत्नी दिनेश चंद्र पोखरिया जो घास काटने पास के ही जंगल गई थी अचानक ऊपर से भारी पत्थर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले गए परन्तु अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई।
यह हादसा पूरे गांव और आसपास के इलाके में गहरे दुख और शोक का कारण बन गया है। चंपा देवी एक सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता और गांव की लोकप्रिय सरपंच थीं। उनकी अकस्मात मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने ऐसी घटना को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की आवश्यकता जताई है।
खासकर पोखरी क्षेत्र के लोगों को सचेत किया गया है कि घास काटने या अन्य काम के लिए सुरक्षित स्थान चुना जाए। स्थानीय प्रशासन ने इस घटना पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा है कि वन क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे।