रामनगर/ उत्तराखंड में बाघ के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बाघ लगातार लोगों को अपना निवाला बना रहा है।
बुधवार दोपहर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज के अंतर्गत सांवल्दे पूर्वी बीट में एक महिला पर बाघ ने हमला करके उसे मौत के घाट उतार दिया है। महिला की पहचान अनीता देवी उम्र 32 वर्ष निवासी कारगिल पटरानी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अनीता देवी गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी बीनने के लिए गई थी। इसी बीच जंगल में बाघ ने अनीता पर हमला कर दिया। मौजूद महिलाओं द्वारा घटना के संबंध में परिजनों व वन विभाग के साथ ही ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सभी घटनास्थल पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। जिससे बाघ घटनास्थल से चला गया। लगभग 2 घंटे बाद अनीता का शव लहूलुहान हालत में बरामद हुआ महिला को रामनगर के सरकारी अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एसडीओ शालिनी जोशी ने बताया कि उक्त इलाके में वन कर्मियों की गश्त शुरू करा दी गई है और उन्होंने ग्रामीणों से जंगल में अकेले ना जाने की अपील की। साथ ही बाघ का शिकार हुई महिला का विभागीय पशु चिकित्सकों द्वारा ब्लड सैंपल लेने की भी कार्रवाई की गई है। उत्तराखंड में जहां बाघ का होना गर्व की बात है तो वहीं आम लोगों के लिए इनकी संख्या खौफ का सबब बनती जा रही है।