चमोली/ जनपद चमोली में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक विकासखंड कर्णप्रयाग के पीएम श्री इंटर कॉलेज मैदान, गौचर में विशेष दिव्यांग शिविर आयोजित किया जाएगा। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, मालवीय नगर, जयपुर (राजस्थान) के सहयोग से आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, बैसाखी, व्हीलचेयर, वॉकर, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार, गोपेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविर के सफल आयोजन, दिव्यांगजनों के पंजीकरण, उपकरणों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 3,676 दिव्यांग पेंशनधारक हैं। शिविर के लिए अब तक कृत्रिम हाथ-पैर की आवश्यकता वाले 58 दिव्यांगजनों तथा व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, छड़ी और वॉकर सहित अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता वाले 417 दिव्यांगजनों को चिह्नित किया जा चुका है। शिविर से अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने के लिए पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। शिविर का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जनपदों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। इन जनपदों के दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, पूर्ति विभाग, सेवायोजन विभाग, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, ताकि दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिल सके।मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने सभी से अपील की है कि जिन दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर की आवश्यकता है, वे 25 अक्टूबर 2026 तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय अथवा अपने निकटतम विकासखंड में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी को इसकी जानकारी उपलब्ध कराएं। इसके लिए मोबाइल नंबर +91 81269 45781 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन लाभ से वंचित न रहे। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के प्रतिनिधि चंद्रशेखर भंसाली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।