अल्मोड़ा जिले में दिनदहाड़े गुलदार ने दो लोगों पर किया हमला महिला ने साहस दिखाते हुए बचाई जान।

न्यूज़ 13 प्रतिनिधि अल्मोड़ा

अल्मोड़ा/ जिले के ताकुला विकास खंड के ग्राम भैसोड़ी में शुक्रवार दोपहर तेंदुओं के हमले से पूरे गांव में दहशत फैल गई। दो तेंदुओं ने अचानक दो ग्रामीणों पर हमला बोल दिया जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम भैसोड़ी निवासी प्रेमा पाण्डेय पत्नी मनीष पाण्डेय शुक्रवार दोपहर लगभग 2:40 बजे अपने पड़ोसी अजय कुमार के साथ घर के आंगन के पास सूखी लकड़ी लेने गई थीं।

यह भी पढ़ें 👉 चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक,आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित व सुव्यवस्थित बनाने के दिए दिशा निर्देश।

इसी बीच जंगल की ओर से आए दो तेंदुओं ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। अजय कुमार को बचाने के प्रयास में प्रेमा पाण्डेय तेंदुओं के सामने आ गईं जिस पर तेंदुओं ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में पंजों और दांतों से गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि साहस का परिचय देते हुए प्रेमा पाण्डेय ने हाथ में मौजूद दरांती से तेंदुओं का मुकाबला किया जिससे दोनों ग्रामीणों की जान बच गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया जिसके बाद दोनों तेंदुए जंगल की ओर भाग गए।

यह भी पढ़ें 👉 भिकियासैंण में नवजात की मौत के बाद हुआ जबरदस्त हंगामा आक्रोशित लोगों ने अस्पताल का मुख्य गेट किया बंद।

घायल महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत अब खतरे से बाहर है। घटना के बाद से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। गांव के पास ही प्राथमिक विद्यालय होने के कारण अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और कई लोगों ने एहतियातन बच्चों को स्कूल न भेजने का फैसला किया है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी है और क्षेत्र में बढ़ती तेंदुओं की सक्रियता पर गहरी चिंता जताई है। ग्रामीणों की मांग है कि इलाके में पिंजरा लगाया जाए नियमित गश्त बढ़ाई जाए और ठोस सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता हैं उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही तेंदुओं की गतिविधियों ने प्रशासन और वन विभाग के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *