रुद्रप्रयाग/ जिले के कालीशीला क्षेत्र में दर्शन के दौरान गुजरात निवासी एक श्रद्धालु को अचानक हार्ट अटैक आने के बाद प्रशासन ने त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर भेजा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक 24 जुलाई को दोपहर 12:34 बजे सूचना मिली कि कालीशीला में एक श्रद्धालु अचानक अचेत हो गया है। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने तत्काल डीडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस को राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना किया।दोपहर 3:26 बजे डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
स्थानीय लोगों के सहयोग से श्रद्धालु को पालकी के माध्यम से सुरक्षित स्थान तक लाया गया। इसके बाद 4:10 बजे फाटा से हेलीकॉप्टर कालीशीला पहुंचा जहां से श्रद्धालु को एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया। घायल श्रद्धालु की पहचान श्री कंडोनिया परबत उम्र 44 वर्ष निवासी गुजरात के रूप में हुई है।