नैनीताल/ पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी को उत्तराखंड हाईकोर्ट से राहत मिली है। विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगाने तथा उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सोमवार को सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ में हुई दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुरूप हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी इसके साथ ही याचिका का निस्तारण कर दिया।
याचिकाकर्ताओं ने गिरफ्तारी की जताई थी आशंका
हाईकोर्ट में याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि जौलजीबी मेले में हुए विवाद के बाद पुलिस ने 15 नवंबर को उनके और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
आरोप लगाया गया कि पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35 के तहत आवश्यक नोटिस दिए बिना ही इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। याचिकाकर्ताओं ने आशंका जताई कि उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सकता है। इसी आधार पर अदालत से गिरफ्तारी पर रोक लगाने और दर्ज मुकदमे को रद्द करने की मांग की गई थी।
सात साल से कम सजा वाले मामलों में नोटिस का दिया हवाला
याचिका में सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले का हवाला दिया गया। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि जिन मामलों में सात साल से कम की सजा का प्रावधान है उनमें गिरफ्तारी से पहले पुलिस को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना और संबंधित व्यक्ति को नोटिस देना जरूरी है। उनका आरोप था कि इस मामले में पुलिस ने इन निर्देशों का पालन किए बिना चार लोगों को गिरफ्तार किया।
इसे आधार बनाते हुए उन्होंने मुकदमे को निरस्त करने और अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की।
सरकार ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बाधा डालने का लगाया था आरोप।
सुनवाई के बीच सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि आरोपियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान पैदा किया था। साथ ही पोडियम में तोड़फोड़ करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की बात भी सरकार की ओर से रखी गई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी और याचिका का निस्तारण कर दिया।
क्या था जौलजीबी मेले का पूरा विवाद।
दरअसल 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। इस कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक हरीश धामी भी मौजूद थे विधायक का आरोप था कि उन्हें मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। जब उन्होंने बोलना शुरू किया तो माइक बंद कर दिया गया।
इससे नाराज हरीश धामी ने माइक फेंक दिया और मंच पर तोड़फोड़ की इस घटना के बाद मेले का उद्घाटन कार्यक्रम विवादों में आ गया था।
कांग्रेस के 4 कार्यकर्ताओं को किया गया था गिरफ्तार
घटना के बाद जौलजीबी कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कांग्रेस विधायक हरीश धामी सहित राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की इसके बाद 18 नवंबर को इस प्रकरण में कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। अब हाईकोर्ट के फैसले से विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को गिरफ्तारी से राहत मिल गई है।
One thought on “धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी को नैनीताल हाईकोर्ट ने दी बहुत बड़ी राहत गिरफ्तारी पर लगाई रोक मामले का किया निस्तारण।”