समयबद्ध और त्रुटिरहित जनगणना के लिए चमोली में 33 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न, चार्ज स्तर पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को देंगे प्रशिक्षण, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक होगा जनगणना कार्य।
समयबद्ध और त्रुटिरहित जनगणना के लिए चमोली में 33 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न, चार्ज स्तर पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को देंगे प्रशिक्षण, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक होगा जनगणना कार्य।
चमोली/ जनपद चमोली में जनगणना के द्वितीय चरण के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में कुल 33 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर एवं मुख्य कृषि अधिकारी जयप्रकाश तिवारी द्वारा प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशों के क्रम में प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर जनपद के विभिन्न चार्ज स्तरों पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण देंगे। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य को व्यवस्थित, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद चमोली में 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक जनगणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण कार्य संपन्न होगा। वहीं, 4 जनवरी को शाम 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक भूलेख अधिकारी श्री राकेश पल्लव, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर श्री अमन कुमार एवं श्री गौरव पुरोहित ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन, प्रशिक्षण की प्रक्रिया तथा जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत जिम्मेदारीपूर्वक कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनपद में जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।