हेमकुंड साहिब में बर्फबारी से बढ़ी खूबसूरती।

न्यूज़ 13 प्रतिनिधि चमोली:-

चमोली/ हेमकुंड साहिब में बीते दो दिनों से हुई बर्फबारी के बाद धाम का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है। चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है और बर्फ से ढके पहाड़ श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। श्रद्धालु आस्था के साथ गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक रहे है और साथ ही हेमकुंड साहिब के प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद ले रहे हैं। बर्फबारी के बाद धाम का दृश्य और भी खूबसूरत नजर आ रहा है। हालांकि लगातार बर्फबारी के कारण यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर फिसलन बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें : नशे के खिलाफ लड़ाई में मजबूती से खड़ी है भाजपा।

इससे श्रद्धालुओं को पैदल आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कठिन मौसम और दुर्गम ऊंचाई के बावजूद चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवान लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मौके पर पूरी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। मार्ग में जहां भी अधिक फिसलन है, वहां पुलिस और एसडीआरएफ के जवान श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं। कई स्थानों पर जवान श्रद्धालुओं का हाथ थामकर उन्हें सुरक्षित रास्ता पार करा रहे हैं। बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस लगातार यात्रा मार्ग की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को सावधानी से चलने और सुरक्षित स्थानों से ही आगे बढ़ने की सलाह दी जा रही है। हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्र में मौसम तेजी से बदल सकता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और एसडीआरएफ के जवान लगातार सतर्क है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मौके पर मौजूद हैं। वहीं घांघरिया चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह भी लगातार जवानों के संपर्क में बने हुए हैं। वह मौके की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे है और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। बर्फबारी ने जहां हेमकुंड साहिब की खूबसूरती को और बढ़ा दिया है, वहीं दुर्गम परिस्थितियों में तैनात पुलिस और एसडीआरएफ के जवान श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *