उत्तरकाशी/ जिले के भटवाड़ी क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब नटीन गांव के समीप एक भालू ने वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी पर अचानक हमला कर दिया। हमले में द्वारी गांव निवासी मंगल सिंह घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगल सिंह रविवार सुबह नटीन गांव की ओर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में अचानक एक भालू उनके सामने आ गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में मंगल सिंह घायल हो गए।
उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें भालू से बचाया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन क्षेत्राधिकारी के साथ वन बिट अधिकारी अंतर सिंह गुसाईं, रिनेश कुमार सहित वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से घायल मंगल सिंह को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मंगल सिंह का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वन विभाग ने दी 10 हजार रुपये की तत्काल सहायता
भालू के हमले में घायल वन विभाग के कर्मचारी को विभाग की ओर से तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। वहीं घटना के बाद नटीन और आसपास के गांवों में भालू की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार चिंता का विषय बन रही है। उन्होंने वन विभाग से भालू की गतिविधियों पर नजर रखने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल घायल मंगल सिंह का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।