कर्णप्रयाग के समीप पंचपुलिया में अनियंत्रित होकर डंपर समाया अलकनंदा में वाहन चालक लापता।

न्यूज 13 प्रतिनिधि अरुण मिश्रा चमोली

चमोली/ जिले में शनिवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गौचर और कर्णप्रयाग के बीच पंचपुला के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे अलकनंदा नदी में समा गया। हादसे के बाद चालक लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

पंचपुला के पास हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक डंपर संख्या UK11 CA 2536 कालेश्वर से गौचर के लिए जा रहा था।

यह भी पढ़ें 👉 आरक्षित वन क्षेत्र में हुआ वन कर्मियों पर हमला मारपीट कर फाड़ी वर्दी मोबाइल फैंका नहर में।

शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे पंचपुला के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा जिसके बाद डंपर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरकर सीधे नदी में समा गया। घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने हादसा होते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

रातभर चला रेस्क्यू, नहीं मिला कोई सुराग

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। कई घंटों तक नदी में डंपर और चालक की तलाश की गई परन्तु देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली अधिकारियों के मुताबिक अंधेरा और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना। सुरक्षा कारणों से अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। रविवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा

चालक की हुई पहचान

पुलिस ने डंपर चालक की पहचान गिरीश सिंह, निवासी चमोली के रूप में की है।

यह भी पढ़ें 👉 पौड़ी जिले के नैनीडाडा विकास खंड में सुबह-सुबह घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया अपना निवाला ग्रामीणों में भारी आक्रोश।

फिलहाल उनका कोई पता नहीं चल पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के वक्त डंपर में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार था या नहीं।

हादसे के कारणों की जांच जारी

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस तकनीकी खराबी सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

मानसून में पहाड़ी रास्तों पर बरतें विशेष सावधानी

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इससे सड़कें फिसलन भरी और संवेदनशील हो गई हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें ओवरस्पीडिंग से बचें और खराब मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *