रानीखेत/ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने राजकीय चिकित्सालय रानीखेत में 13 मई को हुए एनआईसीयू कक्ष के उद्घाटन को लेकर सरकार के साथ स्थानीय विधायक पर तीखा हमला किया है। अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक करन माहरा ने कहा कि जिस एनआईसीयू का उद्घाटन बड़े स्तर पर किया गया उसकी मशीनें कई वर्ष पहले ही अस्पताल को उपलब्ध हो चुकी थीं लेकिन कक्ष के अभाव में वे लंबे वक्त तक बंद पड़ी रहीं।
अब उन्हीं मशीनों को पूर्व में बने कक्ष में स्थापित करके जल्दबाजी में उद्घाटन करके जनता के सामने अपनी उपलब्धि बताने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और वर्तमान विधायक द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किए गए दावे पूरी तरह खोखले हैं। उनके विधायक कार्यकाल में अस्पताल को हाईटेक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई थी लेकिन साढ़े चार वर्षों बाद भी उसमें आवश्यक टेक्निशियन की नियुक्ति नहीं हो पाई जिससे उसका पूरा लाभ मरीजों को नहीं मिल रहा है। कहा कि मेरे कार्यकाल में भिकियासैंण में 50 लाख की लागत से ऑक्सीजन प्लांट दिया गया था परंतु बड़े अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि 4.5 वर्ष बाद भी वो निष्क्रिय हालात में पड़ा है।
करन माहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में चार ट्रॉमा सेंटर की घोषणा की गई थी लेकिन रानीखेत अस्पताल आज तक ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक केवल फीता काटने और घोषणाओं की राजनीति कर रहे हैं जबकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटक नगरी रानीखेत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है परन्तु संसाधनों और व्यवस्थाओं के अभाव में मरीजों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा घोषणाओं को धरातल पर उतारने की मांग की है।