

न्यूज़ 13 प्रतिनिधि अल्मोड़ा
अल्मोड़ा/ जिले में लगातार हो रहे जन आंदोलनों और स्थानीय लोगों की मांगों के बीच प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तीन विधानसभा क्षेत्रों में नई मदिरा दुकानों को आगामी वित्तीय वर्ष से बंद करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन के आदेश के मुताबिक सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट में स्थित विदेशी मदिरा दुकान, द्वाराहाट के तिपोला और खीड़ा की विदेशी मदिरा दुकानें तथा रानीखेत क्षेत्र के पातली में स्थित देशी शराब की दुकान को बंद किया जाएगा इन दुकानों को लेकर लंबे वक्त से स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन जारी था। खासतौर पर महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने इन दुकानों के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है जिसके चलते प्रशासन पर लगातार दबाव बढ़ रहा था।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस निर्णय को तय समयसीमा में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और सभी औपचारिकताएं पूरी की जाएं।
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला सामाजिक संतुलन बनाए रखने और जनता की भावनाओं का सम्मान करने के उद्देश्य से लिया गया है। इस निर्णय को स्थानीय स्तर पर एक बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है जहां लंबे संघर्ष के बाद लोगों की मांग को आखिरकार स्वीकार कर लिया गया है।