रूद्रप्रयाग/ बंद दरवाजा और भयंकर बदबू ने खोला खौफनाक राज़ मां-बेटे के सड़े शव मिले और पति फरार रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां किराये के एक कमरे में नेपाली मूल की महिला और उसके 09 वर्षीय बेटे के सड़े-गले शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है जबकि महिला का पति घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक तिलवाड़ा-सुमाड़ी क्षेत्र में विद्युत कॉलोनी के समीप बस्ती से कुछ दूरी पर नेपाली मूल का दीपक बहादुर अपनी 34 वर्षीय पत्नी कमला शाही और नौ वर्षीय बेटे रोशन सिंह के साथ पिछले लगभग पांच वर्षों से किराये के कमरे में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि यह परिवार पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से इसी कमरे में रह रहा था और आसपास के लोगों के साथ सामान्य जीवन जी रहा था।
एक हफ्ते से बंद था कमरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले एक सप्ताह से अधिक वक्त से उस कमरे का दरवाजा बंद था। शुरुआत में किसी ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया परन्तु कुछ दिन बाद मकान मालिक को कमरे की ओर से तेज बदबू आने लगी। जब बदबू
लगातार बढ़ती गई तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद मकान मालिक ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस को दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि कमरे के बाहर से ताला लगा हुआ था। संदेह के आधार पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जैसे ही पुलिस अंदर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए।
कमरे के अंदर महिला और उसके बेटे के शव पड़े हुए थे जो काफी समय बीत जाने के कारण बुरी तरह सड़ गए थे।
महिला के पति पर गहराया शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मां-बेटे की हत्या की आशंका जताई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि घटना के बाद से महिला का पति दीपक बहादुर गायब है। पुलिस को शक है कि वह इस मामले से जुड़ा हो सकता है इसलिए उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी के मुताबिक मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।