हल्द्वानी/ जजी कोर्ट हल्द्वानी को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से सोमवार सुबह हड़कंप मच गया। जिला जज को भेजे गए ई-मेल में कोर्ट परिसर में आईईडी लगाए जाने और तय समय पर विस्फोट की बात लिखी गई है।
ई-मेल सामने आते ही प्रशासन ने एहतियातन पूरे कोर्ट कैंपस को तत्काल खाली करा दिया। अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
कोर्ट परिसर के सभी कक्षों, रिकॉर्ड रूम और पार्किंग क्षेत्र की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट की कार्यवाही अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। पुलिस की साइबर टीम ई-मेल की तकनीकी जांच में जुट गई है और मेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस व स्रोत का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।