रामनगर/ नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर रामनगर से आगे रिंगोड़ा के समीप पिकअप वाहन और कार की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एनेस्थेजिया विभाग के पीजीजेआर सेकंड ईयर के छात्र-छात्रा डॉ. प्रस्तुति और डॉ. अभिषेक के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोनों डॉक्टर गर्जिया की ओर जा रहे थे इसी बीच रिंगोड़ा के समीप सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय स्तर पर बंजी जंपिंग में कार्यरत युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की और बिना वक्त गंवाए दोनों को अपने निजी वाहन से रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहिद ने बताया कि दुर्घटना सुबह लगभग सात बजे हुई थी और साढ़े सात बजे दोनों घायल अस्पताल लाए गए। महिला डॉक्टर डॉ. प्रस्तुति के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं सिर की हड्डियां तक दिखाई दे रही थीं जिन पर टांके लगाए गए। वहीं डॉ. अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गंभीर चोटें दर्ज की गई हैं।
चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए और उनके आग्रह पर बेहतर उपचार के लिए दोनों को रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एंबुलेंस के माध्यम से दोनों को बरेली भेजा गया है। हादसे के बाद कुछ वक्त के लिए राष्ट्रीय पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।