भवाली/ नैनीताल जिले के भवली में किशोरी के गर्भवती होने की सूचना पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली घेरने के साथ ही बाजार बंद करवा दिया। सत्रह वर्षीय नाबालिग को गर्भवती करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को पोक्सो, रेप के साथ ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। गुरुवार दोपहर भवाली में हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली घेरकर आरोप लगाया कि मुरादाबाद से आए युवक ने स्थानीय किशोरी को बहला फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
संगठक के लोग कोतवाली में कोतवाल व अन्य पुलिस अधिकारियों से लव जिहाद का आरोप लगाते हुए मिले। उन्होंने अपनी नाराजगी दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। संगठन के लोग जुलूस की शक्ल में भवाली की सड़कों पर उतरे और नारे लगाते हुए व्यापारियों से बाजार बंद करने का आग्रह किया और धीरे धीरे दुकानों के शटर बन्द होते चले गए। एस.पी. जगदीश चन्द्र ने कहा बीते रोज अस्पताल से जानकारी मिली कि एक नाबालिग गर्भवती है। पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया जिसके बाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर युवक को गिरफ्तार करके मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। इधर नाबालिग को मैडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो के साथ ही रेप और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपी का नाम बताया जा रहा है साहिल
आरोपी युवक टैक्सी चलाता है जिसके पिता टेलर मास्टर का काम करते हैं। आरोप है कि साहिल लड़कियों को अपना नाम बदल बदलकर जाल में फंसाता है।