रुड़की/ संत रविदास जंयती की शोभयात्रा और भंडारे के बाद दो पक्षों में जबरदस्त बवाल हो गया। इस बीच एक पक्ष ने अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। जबकि गांव के पास खेत में एक व्यक्ति का शव पुलिस को मिला है। रुड़की में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा के बीच हुई हिंसा का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसने पूरे घटनाक्रम की भयावह तस्वीर साफ कर दी है। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
वीडियो में गांव की गलियों में पथराव, ताबड़तोड़ फायरिंग और अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। इसी हिंसा में 20 वर्षीय आनंद की गोली लगने से मौत हो गई है। जबकि चार अन्य घायल हो गए। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि कैसे शोभायात्रा के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। गोली चलने की आवाजों से पूरा गांव दहल उठा और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
घटना बिनारसी गांव की है। यह पूरी घटना रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में हुई। रविवार को संत रविदास जयंती के अवसर पर गांव में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा के बीच गांव में भारी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी बीच किसी बात को लेकर शोभायात्रा में शामिल दलित समाज के दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामला शांत कराने की कोशिश की गई परन्तु कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों ओर से पथराव हुआ और इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में एक युवक को गोली लगी जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में दो अन्य युवकों को भी गोली लगने की सूचना है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया फायरिंग के बाद आक्रोशित लोगों ने गोली चलाने के आरोपी युवक के घर पर तोड़फोड़ की। घर में आगजनी की भी सूचना सामने आई है। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की पुष्टि और जांच कर रही है। मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स किसी तरह से घटना पर काबू पाया है फिलहाल पुलिस पूरे घटना के आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।