देहरादून/ चकराता छावनी क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के मेजर शुभम सैनी का दुखद निधन हो गया। उनकी कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा समाई। गंभीर रूप से घायल मेजर को सैनिक अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 27 वर्षीय मेजर शुभम सैनी चकराता स्थित सेना मुख्यालय में तैनात थे। शनिवार को वे अपनी कार से कहीं जा रहे थे। इसी बीच छावनी क्षेत्र में बंगला नंबर-10 के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा समाई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद सैन्यकर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मेजर को खाई से बाहर निकालकर सैनिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड दिया।
मेजर शुभम सैनी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के रोहटा विकास खंड के घसौली गांव के निवासी थे। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।सेना के अधिकारियों के मुताबिक शुभम सैनी वर्ष 2019 में कमीशन के माध्यम से लेफ्टिनेंट के पद पर भारतीय सेना में भर्ती हुए थे।
सेवा के दौरान पदोन्नति पाकर वे मेजर बने थे चकराता थाने की पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। इसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना मान रही है।