अल्मोड़ा/ भूमिका ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जन्मों तक साथ जीने-मरने की कसम खाने वाला रिश्ता आखिरकार चार साल में खून से रंग जाएगा। सल्ट के खुमाड़ गांव में प्रेम से शुरू हुई कहानी के खौफनाक अंत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। खुमाड़ के दीपक से भूमिका ने घर वालों के विरुद्ध जाकर प्रेम विवाह रचाया उसके दिल में चार साल बाद ही नफरत की ऐसी ज्वाला भड़की की उसने डंडे से पीट-पीटकर कर मौत के घाट उतार दिया।
परिवार और समाज को दरकिनार करके की थी शादी
चार साल पहले रामनगर की भूमिका ने खुमाड़ के दीपक खर्कवाल से इस उम्मीद से शादी की दीपक उसकी जिंदगी में हमेशा उजाला करेगा।
2022 में दोनों ने परिवार और समाज की परवाह किए बिना अपने रिश्ते को जीवनभर निभाने का फैसला लिया परन्तु विवाह के बाद प्रेम बढ़ने के बदले वक्त के साथ रिश्तों में दरार बढ़ती गई। दीपक आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता और उसे दहेज के लिए प्रताड़ित दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि गुरुवार को गुस्से में दीपक ने डंडे से भूमिका पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से भूमिका बेहोश होकर गिर पड़ी और फिर जिंदगी की जंग हार गई। घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना उसकी आंखें नम हो गई। प्रेम से शुरू हुई कहानी का इतना भयावह अंत लोगों को भीतर तक झकझोर गया।
माता-पिता रिश्तेदारों के घर रहकर काटते हैं दिन
पत्नी की हत्या के आरोपित दीपक से उसके स्वजन व माता-पिता भी परेशान थे। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन कलह के चलते माता-पिता लगभग डेढ़ वर्ष पहले घर छोड़कर चले गए। जिसके बाद वे रिश्तेदारों के वहां रहकर गुजारा करते थे।
जबकि पूरे वारदात की जानकारी बाद में ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
शांत माने जाने वाले पहाड़ में लगातार बढ़ रहे हैं अपराध
कभी शांत माने जाने वाले पहाड़ों में भी अब अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। नवंबर 2025 में लमगड़ा के सांगड साहू गांव में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंगा देवी की घर के अंदर ही लूटपाट के मकसद से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। जबकि अब गुरुवार को सल्ट के खुमाड़ में पति ने पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। बढ़ती घटनाओं से लोगों में खौफ का माहौल है।