देहरादून/ गुरुवार सुबह के समय मसूरी देहरादून रोड भट्टा गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। कार में तीन युवक और तीन युवतियां सवार थीं।
ये लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने खाई में गिरे छह लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से देहरादून के दून अस्पताल भेजा गया। मसूरी पुलिस के एसआई राजकुमार बरमोला ने बताया कि देहरादून से सुबह लगभग 5.30 बजे के वक्त कार से तीन युवक और तीन युवतियां मसूरी की ओर आ रहे थे।भट्टा गांव के समीप मोड़ पर इनकी कार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा समाई।
मसूरी फायर स्टेशन इंचार्ज धीरज तड़ियाल ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वे फायर सर्विस के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस, स्थानीय लोगों और 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों की मदद से खाई में गिरे छह घायलों को खाई से निकाला गया उन्होंने बताया कि सड़क काफी चौड़ी है परन्तु कार तेज गति में रही होगी। इसी कारण कार चालक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर खाई में जा समाई। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।