रूद्रप्रयाग/ आफत बनकर बरसी भारी बारिश अतिवृष्टि से बगरधार में चार आवासीय मकान जमींदोज दस को खतरा
पहाड़ों पर बारिश कहर बनकर बरस रही है। रुद्रप्रयाग जिले के बगरधार में अतिवृष्टि से चार आवासीय मकान जमींदोज हो गए। राजस्व विभाग और नगर पंचायत की टीम ने मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उत्तराखंड महिला आयोग की उपाध्यक्ष एश्वर्य रावत ने प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत करके हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
भारी बारिश के बीच बादल फटने से रूमसी गांव में ग्रामीणों की सैकड़ों नाली कृषि भूमि को क्षति पहुंची है।
वहीं नगर पंचायत अगस्त्यमुनि से लगे चमेली, गिंवाला, सौड़ी और सिलकोट क्षेत्र में भी मकान गौशाला, पेयजल योजना, सिंचाई नहर, पैदल मार्ग को क्षति पहुंची है। कई घरों में मलबा भर गया जिससे लोग अपनी सुरक्षा के लिए रात भर जागते रहे। नगर पंचायत सभासद सोनिया सजवाण ने बताया ग्राम पंचायत चमेली के बगरधार में दिनेश सिंह, महेंद्र सिंह, यशवीर सिंह और दलीप सिंह के आवासीय मकान पूरी तरह से जमींदोज हो गए हैं प्रभावित परिवारों ने पंचायत भवन में शरण ले रखी है। गनीमत रही कि तेज बारिश में मलबा आते ही प्रभावित पहले ही सुरक्षित बाहर आ गए थे।
गांव के दीपक सिंह, अवतार सिंह, जगदीश सिंह सजवाण सहित दस आवासीय मकान खतरे की जद में आ गए हैं। इधर, बेडूबगड़ में भी भारी मलबा आने से दो वाहन मलबे में दब गए थे जिन्हें बाद में एनएच की मदद से निकाला गया।